पीड़ितों को देखने लेह पहुँचे राहुल

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर के लेह क्षेत्र में पिछले दिनों बादल फटने के बाद आई अचानक बाढ़ से प्रभावित हुए इलाक़ों का दौरा किया है.
रक्षा राज्य मंत्री पल्लम राजू भी दौरे में उनके साथ थे.
सेना के अधिकारियों ने प्रभावित इलाक़े का दौरा करने गए दोनों नेताओं को बाढ़ के बाद पैदा हुई स्थिति और बचाव कार्यों की जानकारी दी.
दोनों नेता सेना के अस्पताल भी गए जहाँ उन्होंने इस प्राकृतिक विपदा में घायल हुए लोगों से मुलाक़ात की जिनमें सैनिक और असैनिक मरीज़ शामिल थे.
उन्होंने प्रभावित इलाक़े चोगलमसर में एक राहत शिविर का भी दौरा किया जहाँ उन्होंने ऐसे स्थानीय लोगों से बातें कीं जिनके घर बाढ़ में बह गए हैं.
लेह में छह अगस्त को बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से कम-से-कम 185 लोग मारे गए हैं.
थल सेनाध्यक्ष
थल सेनाध्यक्ष जेनरल वी के सिंह ने भी सोमवार को लेह का दौरा किया.
थल सेनाध्यक्ष ने वहाँ आम लोगों को पुनर्वास के काम में हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया.
उन्होने प्रभावित इलाक़े का हवाई सर्वेक्षण भी किया.
श्रीगर लौटकर जेनर वी के सिंह ने चिनार कोर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और राज्यपाल एन एन वोहरा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी मिले.
मंगलवार को वे नियंत्रण रेखा से लगे इलाक़ों का दौरा करनेवाले हैं.












Click it and Unblock the Notifications