कश्मीर घाटी में कर्फ़्यू जारी

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित कश्मीर में शुक्रवार को जगह-जगह हुए हिंसक प्रदर्शन और चार मौतों के बाद शनिवार को अधिकांश क़स्बों और शहरों में कर्फ़्यू है.
कई जगह से ख़बरें मिली हैं कि लोग कर्फ़्यू का उल्लंघन करके प्रदर्शन के लिए बाहर निकले हैं और सुरक्षा बलों ने अश्रुगैस छोड़े हैं.
पटन के सिंगपुरा में सीआरपीएफ़ के वाहन पर पथराव कर रही भीड़ पर गोली चलाने से एक व्यक्ति घायल हुआ है.
शुक्रवार को संयुक्त कमान की जो बैठक टल गई थी उसके शनिवार होने की संभावना है.
शुक्रवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने श्रीनगर सहित भारत प्रशासित कश्मीर के लगभग सभी शहरों और क़स्बों में शनिवार को भी कर्फ़्यू जारी रखने का निर्णय लिया है.
श्रीनगर के अलावा उत्तरी कश्मीर में सोपोर, पटन, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा और त्रेगाम में कर्फ़्यू लागू है. जबकि दक्षिणी कश्मीर में अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा और कायमू में कर्फ़्यू जारी है.
सोपोर, बांदीपुर और खनबल से शनिवार को प्रदर्शन की ख़बरें मिली हैं. वहाँ प्रदर्शनकारियों पर अश्रुगैस के गोले दाग़े गए हैं.
जबकि पटन के सिंगपुरा में सीआरपीएफ़ ने गोलियाँ चलाई हैं जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है. अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने सीआरपीएफ़ के वाहन पर पथराव किया उसके बाद गोलियाँ चलाई गईं.
श्रीनगर के कमरवाड़ी में प्रदर्शन की ख़बरें हैं.
जम्मू कश्मीर में तैनात सेना, पुलिस और सभी सुरक्षा बलों के संयुक्त कमान की बैठक शुक्रवार को बुलाई गई थी.
इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को करनी थी. लेकिन शाम को पाँच बजे होने वाली यह बैठक रद्द कर दी गई.
अटकलें थीं कि शुक्रवार को फिर से हुई गोलीबारी और चार मौतों से मुख्यमंत्री अब्दुल्ला इतने नाराज़ थे कि उन्होंने बैठक रद्द कर दी.
कहा जा रहा था कि वे चाहते हैं कि सुरक्षा बल प्रदर्शनकारियों को क़ाबू में रखने के लिए संयम से काम ले और अगर गोली चलानी भी हो तो यह ध्यान में रखा जाए कि गोली से किसी की मौत न हो.
लेकिन बाद में एक सरकारी वक्तव्य में कहा गया कि चूंकि सुरक्षा अधिकारी क़ानून व्यवस्था क़ायम करने में लगे हुए थे इसलिए बैठक रद्द की गई और अब यह बैठक शनिवार को होगी.
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में चार लोगों की मौत हो गई थी. एक व्यक्ति कुपवाड़ा, एक पटन और दो सोपोर में मारे गए थे.
भारत प्रशासित कश्मीर में हिंसक प्रदर्शनों के बीच अब तक कुल 33 लोगों की मौत हुई है और सुरक्षा बल के जवानों सहित सहित अनेक लोग घायल हुए हैं.












Click it and Unblock the Notifications