पाकिस्तान बाढ़ : पीड़ितों ने राहत सामग्री वाले वाहन लूटे
पाकिस्तान गरीबी निवारण कोष और अंतर्राष्ट्रीय आव्रजन संगठन के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि पंजाब के मुजफ्फरगढ़ जिले में जिदेवाला गांव के करीब लोगों ने वाहनों से सामान लूट लिया।
डॉन समाचार पत्र के मुताबिक राहत समन्वयक मोहम्मद कामरान ने कहा कि इस लूट के बाद संगठन ने राहत कार्य रोक दिया है।
समाचार पत्र के मुताबिक इसी तरह की लूट की घटना एक अन्य विकास संगठन के वाहनों में हुई है।
मुजफ्फरगढ़ में बाढ़ से विस्थापित हुए लोग अस्थाई शिविरों में रह रहे हैं। उनकी शिकायत कि यहां पर्याप्त मात्रा में खाना उपलब्ध नहीं है।
कामरान ने कहा कि बढ़ती भुखमरी के कारण स्थिति भयावह होती जा रही है। राहत सामग्री वापस पाने के लिए पुलिस को उत्तेजित भीड़ पर लाठीचार्ज करना पड़ा।
जिदेवाला के निवासी मलिक आसिफ ने कहा कि लोग पिछले चार दिनों से यहां बिना खाना और पानी के रह रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा भेजी जा रही राहत सामग्री पर्याप्त नहीं है।
लूट के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए एक व्यक्ति ने कहा कि उसके पास 'खाने के लिए कुछ नहीं था'।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications