पाकिस्तान ठुकराये अंतर्राष्ट्रीय मदद : तालिबान
पेशावर। पाकिस्तान में आयी भीषण बाढ़ से आम जनता का जीना दूभर है। लाखों लोग, दो समय की रोटी और पीने के साफ पानी के लिए तरस रहे हैं। लगभग 1.4 करोड़ लोग इस बाढ़ की चपेट में हैं। पाकिस्तान की हालत का अंदाजा इसी बात से लगता है कि संयुक्त राष्ट्र लगातार पाकिस्तान की मदद के लिए अन्य देशों से वित्तीय सहायता देने की गुहार लगा रहा है।
ऐसे मुश्किल समय में तालिबानियों का नया फरमान जारी हुआ है कि पाकिस्तान सरकार को अंतर्राष्ट्रीय राहत सहायता ठुकरा देनी चाहिए। समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक तालिबान का यह बयान पाकिस्तान में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अमेरिका द्वारा दी जा रही लाखों डॉलर की सहायता राशि की घोषणा करने के बाद आया है।
तहरीक-ए-तालिबान, पाकिस्तान के प्रवक्ता आजम तारिक ने पाकिस्तानी सरकार से कहा कि यह वित्तीय सहायता इस्लाम के दुश्मनों की तरफ से आ रही है, इसलिए इसे ठुकराया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि अप्रत्याशित रूप से हुई भारी बारिश के कारण पाकिस्तान में अब तक 1,600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications