बिहार में 9 क्विंटल गांजा जब्त, 5 गिरफ्तार
पटना, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र से बुधवार तड़के पुलिस ने एक ट्रक पर लदे करीब नौ क्विंटल गांजा जब्त कर लिया। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तड़के दो बजे वरगुला-कोईलवर मार्ग पर गश्त के दौरान एक ट्रक को रोका, जिसमें 9़ 20 क्विंटल गांजा बोरियों में रखा हुआ था। बरामद गांजे की कीमत करीब 14 लाख रुपए आंकी गई है।
भोजपुर के पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) संजय कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें एक व्यक्ति नगालैंड का बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रक नागालैंड का है जबकि इस पर गांजा असम से लादा गया था। गिरफ्तार लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है तथा पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार रात खगड़िया जिले के राजेन्द्र नगर क्षेत्र से एक घर में रखे 1़ 75 क्विंटल गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।