मध्यान्ह भोजन : प्रधानाध्यापक निलंबित, 6 के खिलाफ मामला दर्ज
बुंडाला गांव के सरकारी स्कूल में मध्यान्ह भोजन का खाना खाने के कारण शनिवार को देर रात बच्चों को उल्टियां होने लगीं थीं, बीमार बच्चों की संख्या 63 थी। रविवार की सुबह 45 बच्चों को जिला चिकित्सालय लाया गया। इनमें से कुछ बच्चे अभी भी अस्पताल में हैं।
आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार इस मामले की जांच में प्रथम दृष्टया शाला के प्रधानाध्यापक और मध्यान्ह भोजन प्रभारी नंद किशोर उबनारे को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया गया है। वहीं उबनारे सहित जय भीम स्वसहायता समूह की अध्यक्ष गीता गणेश साहू, सचिव संगीता सहदेव, रसोइया सुमली कान्हूलाल, कलावती शिवपाल और तुलसी के खिलाफ थाना बाजार में मामला दर्ज कर लिया गया है।
मध्यान्ह भोजन का कार्य स्व सहायता समूह के बदले शिक्षक पालक संघ को सौंप दिया गया है। इसके अलावा अनुविभागीय अधिकारी के नेतृत्व में छह सदस्यीय दल गठित कर तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications