मारुति की बिक्री में 29.18 फीसदी का इजाफा
सोमवार को जारी बयान में कंपनी की तरफ से कहा गया कि जुलाई 2010 में कंपनी ने कुल 1,00,857 वाहन बेचे जबकि 2009 की समान अवधि में कंपनी ने 78,074 वाहन बेचे थे।
बयान में कहा गया, "इस वित्त वर्ष में दूसरी बार कंपनी के वाहनों की मासिक बिक्री एक लाख के आंकड़े को पार कर गई। इसके अलावा जुलाई 2010 में हुई घरेलू बिक्री किसी भी महीने की घरेलू बिक्री में सबसे ज्यादा है।"
छोटी कारों के निर्माण के लिए प्रसिद्ध मारुति के निर्यात में 1.9 फीसदी की वृद्धि हुई। इस दौरान कुल 10,743 कारों का निर्यात किया गया। वहीं घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री में 33.4 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया।
श्रेणी के आधार पर देखें तो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में कंपनी की ए-2 कारों जिनमें अल्टो, वैगन-आर, एस्टिलो जेन शामिल हैं, की बिक्री में 33.2 फीसदी की वृद्धि हुई। वहीं ए-3 कारों जिनमें डी'जायर और एसएक्स 4 शामिल हैं, की बिक्री में 13.7 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
हालांकि कंपनी की ए-1 श्रेणी में शामिल कार मारुति 800 की बिक्री में 39.9 फीसदी की गिरावट आई। जुलाई 2010 में कंपनी ने 1,680 मारुति 800 कारें बेंची जबकि जुलाई 2009 में यह आंकड़ा 2,796 कारों का था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications