मलेशिया में इब्राहीम मामले में नया मोड़
कुआलालंपुर, 2 अगस्त (आईएएनएस)। मलेशिया में समलैंगिकता के आरोपी विपक्षी नेता अनवर इब्राहीम के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले के एक मुख्य गवाह और सरकारी महिला वकील के बीच 'नजदीकी रिश्तों' का खुलासा हुआ है।
एटार्नी जनरल अब्दुल गनी पटेल ने इसकी पुष्टि भी की है। उन्होंने बताया कि सरकारी वकील फराह अजलीना लतीफ को हटा दिया गया है। फराह पर इस मामले के एक मुख्य गवाह के साथ 'नदजीकी रिश्ते' रखने का आरोप लगा है।
इब्राहीम की पैरवी कर रहे भारतीय मूल के वकील करपाल सिंह ने सोमवार को उच्च न्यायालय के समक्ष कहा कि पूरा अभियोजन पक्ष मजबूरन एकजुट नजर आता है।
स्थानीय समाचार पत्र 'द स्टार' के अनुसार अदालत ने मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार तक टाल दी। इस मामले की सुनवाई 2008 में आरंभ हुई थी।
करीब एक दशक पहले इब्राहीम महातिर मोहम्मद की सरकार में उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री थे। परंतु उन पर अपने सहयोगी मोहम्मद सैफुल बुखारी अजलान के साथ समलैंगिक रिश्ते बनाने का आरोप लगा और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications