ब्रिटेन के दौरे पर जा रहे हैं ज़रदारी

पाकिस्तान और आतंकवाद पर भारत में प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के बयान पर विरोध जताने के लिए पाकिस्तानी ख़ुफ़िया अधिकारियों ने अपनना ब्रिटेन का दौरा रद्द कर दिया था. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसूफ़ रज़ा गिलानी ने भी एक सार्वजनिक बयान में नाराज़गी जताते हुए कहा कि कैमरन को ऐसे मामले कूटनीतिक मंच के ज़रिए उठाने चाहिए.
ज़रदारी पहले यूरोप के दौरे पर जा रहे हैं और वहीं से वो ब्रिटेन जाएंगे. पाकिस्तानी अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि ज़रदारी और कैमरन की बातचीत 'सार्थक" होगी. पाकिस्तान के सूचना मंत्री क़मर ज़मान काइरा ने कहा है कि राष्ट्रपति ज़रदारी की मंगलवार को होनेवाली ब्रिटेन यात्रा जारी रहेगी और दोनों देशों के संबंध मज़बूत हैं.
कैमरन ने अपने भारत दौरे के दौरान कहा था कि वो एक मज़बूत, स्थिर और लोकतांत्रिक पाकिस्तान देखना चाहते हैं. साथ ही उन्होंने कहा था, “ हम ये कभी नहीं बर्दाश्त करेंगे कि पाकिस्तान दोमुही बात करे और भारत, अफ़गानिस्तान या दुनिया के किसी हिस्से में आतंकवाद को बढ़ावा दे."
उनका ये बयान विकीलीक्स वेबसाइट पर लीक हुए उन दस्तावेज़ों के बाद था जिनमें पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसियों पर चरमपंथियों के साथ साठगांठ का आरोप था. कैमरन के बयान पर पाकिस्तान में काफ़ी नाराज़गी है और ख़बरें आ रही हैं कि पाकिस्तान ब्रिटेन के राजदूत को बुलाकर औपचारिक रूप से अपना विरोध ज़ाहिर करेगा.
कैमरन ने ये बयान भारत में दिया इससे और ज़्यादा नाराज़गी फैली है और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा है कि कैमरन को भारतीय कश्मीर में हो रहे “मानवाधिकार हनन" की भी आलोचना करनी चाहिए थी.












Click it and Unblock the Notifications