बच्चों से निर्मम व्यवहार करने पर आस्ट्रेलियाई दंपत्ति को सजा
समाचार पत्र 'द एज' में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक दोषी पुरुष 25 वर्ष का है जबकि महिला 23 वर्षीय है। रिपोर्ट में दंपत्ति के नाम का जिक्र नहीं किया गया है। अदालत ने इस मामले में दंपत्ति को 18 महीने तक परीविक्षा की सजा दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिस्बेन जिले की अदालत को बताया गया कि बाल सुरक्षा अधिकारियों ने वर्ष 2009 में जब इस दंपत्ति के घर का मुआयना किया था तो बच्चों को बहुत ही दयनीय हालात में पाया गया था।
अभियोजक क्रिस केरशॉ ने बताया कि बच्चों का जिस स्थान पर रखा गया था वहां का फर्श बहुत ही गंदा था। साथ ही बच्चों को जो खाना दिया जा रहा था वह बहुत ही खराब था।
रिपोर्ट के मुताबिक जिन बच्चों को इस बुरे हाल में रखा गया था उनकी उम्र क्रमश: चार वर्ष, 21 महीने और सात महीने थी। इन बच्चों को सप्ताह में दो बार बच्चों के अस्पताल भी ले जाया जाता था। अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया कि बच्चों को हमेशा गंदे कपड़ों में रखा जाता था। वह इतने गंदे होते थे कि उन्हें तुरंत बदले जाने की जरूरत रहती थी।
अदालत को यह भी बताया गया कि बच्चों को दी जाने वाली दूध की बोतलें भी बहुत ही गंदी होती थी।
अदालत ने पाया कि बड़े बच्चे को बोलने में कुछ तकलीफ थी जबकि दो अन्य बच्चे सांस संबंधी संक्रमण से पीड़ित थे। बच्चे फिलहाल अपनी दादी के साथ रह रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications