कृष्णा ने सईद से पिल्लै की तुलना को हास्यास्पद बताया (लीड-2)
कृष्णा ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी की मीडिया से बातचीत के दौरान चुभने वाली शैली के लिए और बलूचिस्तान में भारत की कथित संलिप्तता के मुद्दे उठाने के लिए आलोचना की। कृष्णा ने कूटनीति में शालीनता की आवश्यकता पर जोर दिया।
कृष्णा ने समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "पिल्लै कोई बयान जारी करने से पहले मेरी वापसी का इंतजार कर सकते थे। यह ज्यादा अच्छा होता कि वह बयान मेरे दौरे के दरम्यान न दिया गया होता।"
समाचार चैनल, एनडीटीवी के साथ एक अलग साक्षात्कार में कृष्णा ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के बीच किसी मतभेद से इंकार किया।
कृष्णा ने कहा, "गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के बीच पूरी तरह सामंजस्य है। गृह सचिव ने उस सच्चाई का बयान किया, जिसे पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली ने हमें बताया था। मुझे उससे कोई समस्या नहीं है। समस्या सिर्फ समय को लेकर थी।"
यह पूछे जाने पर कि हेडली ने क्या कहा था, कृष्णा ने कहा, "यह गुप्त जानकारी है। मैं इसका खुलासा नहीं करना चाहता।"
कृष्णा ने कहा, "जब मुंबई हमले के बाद दोनों विदेश मंत्री मुलाकात कर रहे हैं, तो इस मुलाकात का एक विशेष महत्व था।"
कृष्णा ने कहा, "जिन लोगों को इस बात की जानकारी थी कि भारत सरकार के अंदर क्या कुछ घट रहा था, उन्हें यह पता होना चाहिए कि भारत की ओर से बातचीत का अनुकूल माहौल तैयार किया जाना चाहिए, लेकिन दुर्भाग्यवश यह घटना घट गई।"
ज्ञात हो कि कृष्णा ने पहली बार पिल्लै से अपनी इस नाराजगी को सार्वजनिक किया है।
पिल्लै ने कहा था कि 28 नवंबर, 2008 को हुए मुंबई हमले की योजना, शुरू से अंत तक आईएसआई ने बनाई थी।
कृष्णा से जब पूछा गया कि क्या पिल्लै की टिप्पणी को लेकर अपने असंतोष के बारे में उन्होंने प्रधानमंत्री को अवगत कराया, उन्होंने कहा, "जी हां, प्रधानमंत्री के साथ मेरी कुछ चर्चा हुई थी।"
इस्लामाबाद में कृष्णा के साथ 15 जुलाई की बातचीत के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जब एक पत्रकार ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से हाफिज सईद के खिलाफ पाकिस्तान की कार्रवाई के बारे में पूछा तो कुरैशी ने कहा था कि भारतीय गृह सचिव द्वारा की गई टिप्पणी बेहतर संबंधों के लिए मददगार नहीं है।
कुरैशी ने यह टिप्पणी तब की थी, जब एक पत्रकार ने उनसे हाफिज सईद के भारत विरोधी बयानों के बारे में और उसके खिलाफ पाकिस्तान की कार्रवाई के बारे में पूछा।
एनडीटीवी के साथ साक्षात्कार में कृष्णा ने कुरैशी द्वारा की गई पिल्लै और सईद की परोक्ष तुलना को हास्यास्पद बताया।
अगले दिन कृष्णा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा था कि सईद और पिल्लै के बीच कोई तुलना नहीं है, क्योंकि सईद भारत के खिलाफ जिहाद छेड़ने की बात कर रहा है।
बहरहाल, कृष्णा द्वारा पिल्लै की आलोचना ने पाकिस्तान के साथ आदान-प्रदान को लेकर सरकार के भीतर वैचारिक मतभेदों को उजागर कर दिया है।
कृष्णा ने कुरैशी की कूटनीति की शैली की और पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवाद भड़काने में भारत की कथित भूमिका का राग अलापने की भी आलोचना की।
कृष्णा ने कहा, "हमें थिंपू की भावना को समझना चाहिए और थिंपू की भावना दोनों देशों के बीच सुलह के प्रयास के लिए थी और मैं नहीं चाहता कि वह भावना इस तरह से बेकार चली जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications