राहुल के करीबी युवा कांग्रेस नेता निशांत लापता
हरदोई। यूपी के युवा कांग्रेस नेता निशांत पटेल सोमवार सुबह से लापता है। निशांत पटेल कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के करीबी बताये जाते हैं। खबर के मुताबिक निशांत पटेल हरदोई के एक होटल जिसका नाम उत्सव है, से सोमवार सुबह से लापता है। निशांत पटेल के पिता हंसमुख पटेल गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पूर्व मंत्री भी हैं। उन्होंने बताया, 'निशांत का सोमवार सुबह से ही पता नहीं है।" उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि निशांत युवा कांग्रेस चुनाव के सिलसिले में हरदोई के उत्सव होटल में करीब 15 दिन से ठहरे हुए थे। वह लोकसभा के उन 26 रिटर्निंग ऑफिसर्स में से एक थे, जो सेंट्रल जोन के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर युवा कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव संपन्न करवा रहे हैं।
सोमवार की सुबह जब पार्टी के कुछ अन्य चुनाव अधिकारी उनके कमरे में गए तो दरवाजा खुला था और वह कमरे से नदारद थे। उनका सामान और यहां तक कि मोबाइल फोन भी कमरे में पड़ा था। युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को इसकी जानकारी दी गई। उनके माता-पिता से पूछा गया तो उन्होंने भी निशांत के बारे में कोई जानकारी होने से मना किया। तब स्थानीय पुलिस-प्रशासन को इस बारे में बताया गया।













Click it and Unblock the Notifications