बिहार विधानसभा में बवाल,कुर्सी-मेज़ तोड़े

बिहार विधानसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई है. आलम ये था कि विधायकों ने सदन की कुर्सी और मेज़ तोड़ डाले..
दरअसल विपक्षी दल बिहार सरकार के ख़िलाफ़ 11,000 करोड़ से भी ज़्यादा के कथित घपले के आरोप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी कर रहे थे.
इसी दौरान सत्तापक्ष के सदस्य भी विपक्षी दलों के शोर शराबे का विरोध करते हुए अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए. इसके बाद दोनों तरफ़ से धक्का मुक्की शुरु हो गई. विधायकों ने बेंच और कुर्सियां तोड़ डालीं और एक दूसरे पर जमकर घूसेबाज़ी हुई.
लगभग दस मिनट तक सदन में यही बवाल चलता रहा. इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी सदन में मौजूद थे.
जब हंगामा बहुत बढ़ गया तब विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी.
सदन के अंदर हुई इस मारपीट में छह विधायकों को चोट आई हैं. चोटिल विधायकों में राष्ट्रीय जनता दल की महिला विधायक प्रेमा चौधरी भी शामिल हैं.
ये हंगामा सरकारी ख़ज़ाने से निकाले गए 11,412 करोड़ रुपए के हिसाब-किताब में गड़बड़ी के आरोप को लेकर किया गया.इस सिलसिले में पटना हाईकोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया है.












Click it and Unblock the Notifications