मोबाइल, कंप्यूटर पर आएगा रुपए का चिन्ह
बेंगलुरू। जिस तरह कंप्यूटर की-बोर्ड के माध्यम से आप डॉलर, यूरो और पाउंड के चिन्ह टाइप कर सकते हैं, जल्द ही उसी प्रकार रुपए के नए चिन्ह को भी टाइप कर सकेंगे। यही नहीं मोबाइल पर भी यह चिन्ह दिखेगा। ऑपरेटिंग सिस्टम बनाने वाली आईटी कंपनियों के लिए यह कोई बड़ा काम नहीं होगा।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर्स की मानें तो रुपए का चिन्ह कंप्यूटर या मोबाइल की बहुत कम मेमोरी लेगा, लिहाजा यह आसानी से इंस्टॉल किया जा सकेगा। हालांकि की-बोर्ड बनाने वाली कंपनियों को विशेष तौर से भारत के लिए बनाए जाने वाले उत्पादों में रुपए के चिन्ह का खास ध्यान रखना होगा। कंप्यूटर विशेषज्ञों के मुताबिक जरूरी नहीं है कि की-बोर्ड पर अलग से रुपए के चिन्ह का बटन लगाया जाए। हो सकता है दो या तीन बटन संयुक्त रूप से इस्तेमाल कर इस चिन्ह को बनाया जाए। यह निर्भर करेगा कि इसमें किस प्रकार का सॉफ्टवेयर इस्तेमाल किया जाएगा।
क्लिक करें- भारतीय रुपए को मिली नई पहचान
बाजार में चल रहे की-बोर्ड व मोबाइल फोन में हिन्दी, तमिल, मराठी, आदि भाषाएं आ चुकी हैं, लिहाजा रुपए का चिन्ह आसानी से आ सकता है। हालांकि विशेषज्ञ यह मान रहे हैं कि इस चिन्ह को किसी विशेष भाषा से जोड़ कर नहीं बल्कि स्वतंत्र रूप से इंस्टॉल किया जाएगा। वो भी स्पेशल कैरेक्टर के रूप में।
खैर जो भी हो आने वाले तेजी से आगे बढ़ रहीं सूचना प्रौद्योगिकी के इस दौर में एक साल के अंदर आपको अपने रुपए का चिन्ह कंप्यूटर व मोबाइल पर जरूर मिल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications