26/11 के दोषियों पर जल्द कार्रवाई से होगा पाक पर भरोसा

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के साथ वार्ता को बेहतर और रचनात्मक बताते हुए भारत के विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने कहा कि पाकिस्तान ने 26/11 के दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। साथ ही भरोसा दिया है कि उसके देश से भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां चलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधारने के फैसले के मद्देनजर कृष्णा ने कुरैशी को भारत आने का न्योता देते हुए कहा कि वह देखें कि भारत में किस तरह उनका स्वागत किया जाता है। कृष्णा ने पाकिस्तानी वार्ताकारों को यूसुफ रजा गिलानी का वो वादा याद जो उन्होंने भूटान में मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ किया था। गिलानी ने वादा किया था कि उनके देश से भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां चलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा, "उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि मुंबई हमले के दोषियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी।" उन्होंने कहा कि वह इसी उम्मीद के साथ भारत लौट रहे हैं कि पाकिस्तान डेविड हेडली के खिलाफ जांच शुरू कराएगा और मुंबई हमले की बड़ी साजिश रचने में उसकी भूमिका को उजागर करेगा।
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कुरैशी ने कहा, "आतंकवाद से निपटने के लिए यही बेहतर रास्ता है कि इसे दोनों देशों का दुश्मन मानते हुए उनके खात्मे के लिए साझा प्रयास किए जाएं।" कुरैशी के साथ वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कृष्णा ने कहा, "निष्कर्ष यही है कि बातचीत बेहतर और रचनात्मक रही।"
कुरैशी ने कहा कि कृष्णा के साथ आतंकवाद, जम्मू एवं कश्मीर समस्या, आत्मविश्वास बढ़ाने वाले मापदंडों, सियाचिन और सर क्रीक विवाद सहित सभी मुद्दों पर चर्चा हुई।












Click it and Unblock the Notifications