ईरान में दो बम धमाकों में 20 मरे, 100 घायल (लीड-1)
समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक सिस्तान-बलुचिस्तान आपात दल के प्रमुख फारिबोज रशीदी ने कहा, "जहेदान की बड़ी मस्जिद के सामने हुए दो विस्फोटों में 20 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और 100 लोग घायल हुए हैं।"
पहला विस्फोट गुरुवार रात 9:20 बजे हुआ और इसके कुछ मिनट बाद ही दूसरा विस्फोट हुआ।
इरना के मुताबिक ईरान के उप गृह मंत्री अली अब्दुल्लाही ने इन विस्फोटों को आतंकवादी घटना बताया है।
विस्फोटों में मारे गए लोगों में देश की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्डस कार्प्स (आईआरजीसी) के जवान भी शामिल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक सुन्नी संगठन जुन्दल्लाह ने अल अरेबिया चैनल को भेजे एक ईमेल में इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह हमला जून में उसके एक नेता अब्दुलमलिक रीगी को फांसी दिए जाने के विरोध में किया गया है।
ईरान ने रीगी को तेहरान की एक जेल में 20 जून को फांसी पर लटका दिया था। उसे लूट, विस्फोट, सेना, पुलिस और नागरिकों पर हमले, अपहरण और हत्या आदि के कई मामलों में दोषी ठहराया गया था।
सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत जुन्दल्लाह विद्रोहियों का केंद्र है। इस संगठन ने पिछले कुछ सालों में कई विस्फोट किए हैं, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए हैं। इस संगठन द्वारा पिछले साल किए गए एक विस्फोट में ईरान की सेना के एक वरिष्ठ कमांडर की भी मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications