26/11 के दोषियों पर जल्द कार्रवाई से होगी विश्वास बहाली : भारत (लीड-3)
अपने पाकिस्तानी समकक्ष शाह महमूद कुरैशी के साथ वार्ता को 'बेहतर और रचनात्मक' बताते हुए भारत के विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान ने 26/11 के दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। साथ ही भरोसा दिया है कि उसके देश से भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां चलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधारने के फैसले के मद्देनजर कृष्णा ने कुरैशी को भारत आने का न्योता देते हुए कहा कि वह देखें कि भारत में किस तरह उनका स्वागत किया जाता है।
विदेश मंत्री ने कहा कि वार्ता के दौरान उन्होंने पाकिस्तानी वार्ताकारों से कहा कि वे अपने प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के उस वादे को अमल में लाएं जो उन्होंने भूटान में मुलाकात के दौरान हमारे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ किया था। गिलानी ने वादा किया था कि उनके देश से भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां चलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
कृष्णा ने कहा, "विश्वास कायम करने के लिए अभी लंबे रास्ते से गुजरना होगा।"
उन्होंने कहा, "उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि मुंबई हमले के दोषियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि वह इसी उम्मीद के साथ भारत लौट रहे हैं कि पाकिस्तान डेविड हेडली के खिलाफ जांच शुरू कराएगा और मुंबई हमले की बड़ी साजिश रचने में उसकी भूमिका को उजागर करेगा।
उधर, पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने वार्ता को 'सार्थक और परिणामदायक' बताते हुए भारत से आग्रह किया कि वह आतंकवाद को साझी चुनौती माने, क्योंकि यह मसला साझा प्रयास से ही सुलझेगा।
अपने भारतीय समकक्ष कृष्णा से वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कुरैशी ने कहा, "आतंकवाद से निपटने के लिए यही बेहतर रास्ता है कि इसे दोनों देशों का दुश्मन मानते हुए उनके खात्मे के लिए साझा प्रयास किए जाएं।"
कुरैशी के साथ वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कृष्णा ने कहा, "निष्कर्ष यही है कि बातचीत 'बेहतर और रचनात्मक रही।"
कुरैशी ने कहा कि कृष्णा के साथ आतंकवाद, जम्मू एवं कश्मीर समस्या, आत्मविश्वास बढ़ाने वाले मापदंडों, सियाचिन और सर क्रीक विवाद सहित सभी मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा, "हमने खुले दिल से, स्पष्ट और ईमानदार चर्चा की। दोनों विदेश मंत्रियों के बीच आतंकवाद सहित कई मसलों पर चर्चा हुई।"
कुरैशी ने कहा कि हमारे बीच खुलकर बातचीत हुई और बातचीत के जरिये ही हम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि बातचीत का दौर आगे भी जारी रहेगा।
कुरैशी ने संवाददाता सम्मेलन में हुई देरी के लिए खेद जताया। सम्मेलन पहले दोपहर बाद निर्धारित थी लेकिन बातचीत का दौर लंबा खिंचने की वजह से यह रात में शुरू हुई।
आतंकवाद को दोनों देशों का दुश्मन करार देते हुए कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद से निपटने के लिए कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि हमने द्विपक्षीय मसलों और इसके जरिये संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications