अमेरिका ने भारत-पाक वार्ता का स्वागत किया
वाशिंगटन, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश मंत्री स्तर की वार्ता से भले ही कोई बड़ी कामयाबी न हासिल हुई हो लेकिन अमेरिका ने दोनों देशों के बीच हुई इस बातचीत का स्वागत किया है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पी. जे. क्राउले ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया, "हम इस उच्च स्तरीय वार्ता का स्वागत करते हैं। मैंने सुना है कि दोनों पक्षों की बैठक अनुमान से कहीं ज्यादा लंबे समय तक खिंची।"
क्राउले ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि इस तरह की वार्ता से दोनों देशों को अपने हितों से जुड़े मुद्दों को हल करने में मदद मिलेगी और इसका पूरे क्षेत्र पर भी प्रभाव पड़ेगा। ऐसे में हम दोनों देशों के बीच बातचीत बढ़ने का स्वागत करते हैं।"
अगले सप्ताह अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और उनके भारतीय समकक्ष एस. एम. कृष्णा की प्रस्तावित मुलाकात के संदर्भ में प्रवक्ता ने कहा, "भारतीय अधिकारियों के साथ हमारी व्यापक मुद्दों बातचीत होती है। मुझे पूरा भरोसा है कि जब दोनों नेता मिलेंगे तो द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों सहित कई बिंदुओं पर बातचीत करेंगे।"
गौरतलब है कि कृष्णा ने गुरुवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से बातचीत की। दोनों नेताओं के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में स्पष्ट हो गया कि इस बातचीत में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications