उच्च शिक्षा के लिए सस्ता कर्ज देगा अपेक्स बैंक
जयपुर, 16 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान में निजी बैंकों का मुकाबला करने के लिए अब सहकारी बैंकों ने भी अपनी ब्याज दरों में कटौती करनी शुरू कर दी है। राज्य के सबसे बड़े सहकारी बैंक राजस्थान राज्य सहकारी केंद्रीय बैंक (अपेक्स) ने उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए दो प्रतिशत कम ब्याज दर पर कर्ज मुहैया कराने का निर्णय लिया है।
इसके आलावा और भी दूसरे कई कर्जो पर ब्याज दरों में रियायत दी जाएगी। सहकारिता विभाग के प्रमुख शासन सचिव आर.के.मीणा ने बताया कि अपेक्स बैंक ने शिक्षण सहित गैर कृषि ऋणों की ब्याज दरों में आधे से दो प्रतिशत तक की कमी की है। आईआईएम, आईआईटी, मेडिकल अध्ययन के लिए दस प्रतिशत और अन्य शैक्षणिक ऋणों पर 11.50 प्रतिशत की दर रहेगी।
अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक आर. सी. एस. जोधा के अनुसार परिवर्तित ब्याज दरों के अनुसार अब एनएससी के विरूद्ध 11 प्रतिशत, व्यक्तिगत ऋण 13 प्रतिशत, टर्म लोन 12.50, वाहन ऋण पहले वर्ष आठ, दूसरे वर्ष व बाद में 10 एवं व्यावसायिक वाहनों पर 12 प्रतिशत ब्याज लिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications