कुरैशी की टिप्पणी पर 'किसने क्या कहा?'

जो इस प्रकार हैं :विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा : "पाक के साथ बातचीत के लिए मेरे और विदेश सचिव के पास पूरे अधिकार थे। सईद और पिल्लै की तुलना का सवाल ही नहीं उठता। सईद एक आतंकवादी है और वह भारत के खिलाफ हमेशा नफरत फैलाने वाले भाषण देता है। वहीं पिल्लै ने जो बयान दिया था, वह एक खास प्रसंग में था।"
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज : "न केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) या संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग), बल्कि पूरा राष्ट्र शाह महमूद कुरैशी (पाकिस्तानी विदेश मंत्री) के व्यवहार की निंदा करता है। कोई व्यक्ति या देश दूसरे देश के दृष्टिकोणों से सहमत या असहमत हो सकता है, लेकिन उसे व्यक्त करने के कूटनीतिक मानदंड होते हैं।"
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी : "गृह सचिव के बयान की हाफिज सईद या सलाऊद्दीन के बयानों से तुलना करने का कोई आधार नहीं है। ऐसा करना हास्यास्पद होगा। कुरैशी ने पिल्लै के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें मुंबई हमले के लिए पिल्लै ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को कठघरे में खड़ा किया था। गृह सचिव भारत के रुख से जुड़ा बयान दे रहे थे। उन्होंने जो कहा वही भारत सरकार का भी रुख रहा है।"
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद : "पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने भारत के गृह सचिव पर हमला किया। मुझे इसका अफसोस है कि भारत के विदेश मंत्री ने गृह सचिव का बचाव नहीं किया। कुरैशी, हाफिज सईद पर कार्रवाई करने की बजाय पिल्लै के साथ उसकी तुलना कर रहे हैं जो गलत है।"
पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा : "कुरैशी विदेश मंत्री के लायक नहीं हैं। मैं शर्त लगा सकता हूं कि पाकिस्तान हाफिज सईद को कभी नहीं पकड़ेगा, क्योंकि वह आईएसआई का हिस्सा है। यह कूटनीतिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। मुझे पूरा विश्वास है कि उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की जानकारी के बिना ऐसा नहीं किया होगा।"
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन : "हम पाकिस्तानी विदेश मंत्री से यह प्रमाणपत्र नहीं चाहते कि कृष्णा को वार्ता करने का जनादेश प्राप्त है या नहीं। उन्हें पूरा जनादेश है। जब पिल्लै की आलोचना की जा रही थी तब कृष्णा चुप थे, क्योंकि वह परदेस की धरती पर संयम और मर्यादा कायम रखने का प्रयास कर रहे थे।"












Click it and Unblock the Notifications