बिहार में कांग्रेस की तैयारियों में तेजी
राज्य में इस महीने केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक ने गया, आरा, बक्सर, भभुआ और जहानाबाद का दौरा किया, वहीं केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सात जुलाई को पटना और वैशाली में कार्यकर्ताओं से मिले। आजकल केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीप्रकाश जायसवाल बिहार के दौरे पर हैं। इसके अलावा रेल राज्यमंत्री क़े एच़ मुनियप्पा तथा मुंबई के सांसद संजय निरूपम भी बिहार का दौरा कर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का प्रयास कर चुके हैं।
राज्य कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमचंद मिश्रा के अनुसार इस महीने राज बब्बर, कृष्णा तीरथ, केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी के आने का कार्यक्रम तय है। उन्होंने कहा कि अगस्त में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी बिहार का दौरा करेंगी।
इधर, केंद्रीय मंत्रियों के दौरे से प्रसन्न बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष महबूब अली कैसर कहते हैं कि मंत्रियों के दौरे से राज्य सरकार की पोल खुल गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार पर जो भेदभाव का आरोप लगाती रही है, इसी कारण मंत्री क्षेत्रों में जाकर लोगों को हकीकत बता रहे हैं।
केंद्रीय मंत्रियों के दौरे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते हैं कि जनता सब कुछ जानती है। उन्होंने कहा कि राज्य में गरीबी और अभाव जरूर है, लेकिन यहां के लोग राजनीतिक रूप से सोचने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रियों के दौरे से सच्चाई नहीं बदलेगी।
जनता दल (युनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी कहते हैं कि कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री 'प्रवासी पक्षियों' की तरह हैं। चुनाव की आहट मिलते ही 'प्रवासी पक्षियों' की संख्या बढ़ गई है। वे कहते हैं कि चुनाव के बाद सभी 'प्रवासी पक्षी' उड़ जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल के साथ मिलकर लड़ा था, जबकि आने वाले विधानसभा चुनाव में वह अकेले चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications