पाकिस्तान के साथ कड़ाई से पेश आना चाहिए : भाजपा (लीड-1)
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने समाचार चैनल 'सीएनएन-आईबीएन' से कहा, "न केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) या संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग), बल्कि पूरा राष्ट्र शाह महमूद कुरैशी (पाकिस्तानी विदेश मंत्री) के व्यवहार की निंदा करता है।"
उन्होंने कहा, "कोई व्यक्ति या देश दूसरे देश के दृष्टिकोणों से सहमत या असहमत हो सकता है, लेकिन उसे व्यक्त करने के कूटनीतिक मानदंड होते हैं।"
ज्ञात हो कि भारतीय विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा और उनके पाकिस्तानी विदेश मंत्री कुरैशी के बीच करीब सात घंटे तक चली वार्ता बिना किसी साझा सहमति के समाप्त हो गई।
दूसरी ओर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, "भारत सरकार को पाकिस्तान सरकार से साफ कह देना चाहिए कि भारत विरोधी आतंकवाद समाप्त किया जाना चाहिए। जब तक आप मुंबई हमले के दोषियों के खिलाफ प्रभावी और विश्वसनीय कार्रवाई नहीं करते तब तक पाकिस्तान के साथ बातचीत की कोई आवश्यकता नहीं।"
प्रसाद ने विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने भारत के गृह सचिव पर हमला किया। मुझे इसका अफसोस है कि भारत के विदेश मंत्री ने गृह सचिव का बचाव नहीं किया।"
दरअसल, कुरैशी से लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के भारत के खिलाफ नफरत भरे भाषणों के बारे में पूछा गया था तो इस पर कुछ ठोस जवाब देने की बजाय उन्होंने पिल्लै के उस बयान का हवाला दिया। पिल्लै ने मुंबई हमले के लिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को कठघरे में खड़ा किया था।
प्रसाद ने कहा, "कुरैशी, पिल्लै के बयान को मुद्दा बना रहे हैं। हाफिज सईद पर कार्रवाई करने की बजाय वे पिल्लै के साथ उसकी तुलना कर रहे हैं।"
भाजपा नेता और पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा ने भी कुरैशी पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि कुरैशी विदेश मंत्री के लायक नहीं हैं।
मुंबई हमलों के संदिग्ध मास्टरमाइंड सईद के खिलाफ कार्रवाई पर पाकिस्तान की हिचकिचाहट पर सिन्हा ने कहा, "मैं शर्त लगा सकता हूं कि पाकिस्तान हाफिज सईद को कभी नहीं पकड़ेगा, क्योंकि वह आईएसआई का हिस्सा है।"
सिन्हा ने कुरैशी की मीडिया के सामने शुक्रवार को इस्लामाबाद में दी गई टिप्पणियों को लेकर कड़ी आलोचना की। कुरैशी ने आरोप लगाया है कि भारत चयनात्मक होकर आतंकवाद को ही केंद्र में रखता है। साथ ही कुरैशी ने कहा है कि कृष्णा गुरुवार रात वार्ता के दौरान दिल्ली से फोन पर हिदायतें ले रहे थे।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री द्वारा भारतीय विदेश मंत्री पर निजी टिप्पणियों को लेकर नाराज सिन्हा ने कहा, "कुरैशी विदेश मंत्री बनने लायक नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, "यह कूटनीतिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। मुझे पूरा विश्वास है कि उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की जानकारी के बिना ऐसा नहीं किया होगा।"
उन्होंने कहा कि बातचीत को आगे बढ़ाने का कोई मतलब नहीं है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पाकिस्तानी मीडिया से चर्चा में कुरैशी ने जम्मू एवं कश्मीर पर कट्टरपंथी दृष्टिकोण कायम रखा और भारत पर मानवाधिकार उल्लंघन व आतंकवाद को लेकर चयनात्मक होने का आरोप लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications