नायडू सहित तेदेपा के 75 नेता नांदेड़ में गिरफ्तार (लीड-1)
महाराष्ट्र पुलिस द्वारा नायडू एवं तेदेपा के अन्य नौ नेताओं को हिरासत में लिए जाने से आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र सीमा पर तनाव व्याप्त हो गया। हालांकि आश्वासन दिया गया था कि उन्हें परियोजना स्थल पर ले जाया जाएगा।
बाद में पुलिस ने तेदेपा के अन्य 66 नेताओं को भी नांदेड़ जिले के धर्माबाद के निकट सीमा पर गिरफ्तार कर लिया।
सीमा पर प्रदर्शन कर रहे तेदेपा के कुछ कार्यकताओं ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र पुलिस ने नायडू एवं अन्य नेताओं को बाबली बांध ले जाने का झांसा देकर गिरफ्तार किया है।
महाराष्ट्र सरकार ने सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया था और हैदराबाद से चार बसों में पहुंचे नायडू एवं अन्य पार्टी विधायकों को रोकने के लिए सीमा को सील कर दिया था।
बाबली परियोजना स्थल पर जाने की अनुमति नहीं मिलने पर नायडू ने महाराष्ट्र सरकार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सच को छिपाने के लिए ऐसा किया गया है। उन्होंने पूछा, "महाराष्ट्र के स्थान पर जाने के लिए क्या मुझे वीजा लेना पड़ेगा?"
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें गोदावरी नदी पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा बाबली एवं 13 अन्य परियोजनाओं के अवैध रूप से कराए जा रहे निर्माण कार्यो का मुआयना करने का अधिकार है।
बढ़ते तनाव को देखते हुए नांदेड़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बाबली परियोजना स्थल पर जाने की अनुमति दी। नायडू एवं नौ अन्य नेताओं को पुलिस वाहन में परियोजना स्थल पर ले जाया जा रहा था, लेकिन वाहन के कुछ देर चलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के. रोसैया ने नायडू से गुरुवार को 'बस यात्रा' स्थगित करने की सलाह देते हुए फोन पर कहा कहा था कि इससे दोनों राज्यों के बीच तनाव बढ़ जाएगा।
रोसैया ने 23 जुलाई को सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को लेकर दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करने की योजना बनाई है। वह प्रधानमंत्री से महाराष्ट्र में अवैध परियोजनाओं को बंद कराने का आग्रह करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications