राष्ट्रमंडल खेलों में हिमाचल के फूलों से महकेगी दिल्ली
शिमला, 16 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान दिल्ली में हिमाचल प्रदेश के फूलों की खुशबू बिखरेगी। राज्य को खेलों के दौरान बड़ी मात्रा में गुलाब और गेंदा सहित कई अन्य फूल पहुंचाने का आर्डर मिला है।
मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने आईएएनएस को बताया, "आयोजकों से खेलों के दौरान 30 करोड़ रुपये के फूल पहुंचाने का आर्डर मिला है। खेलों की तारीख (तीन से 14 अक्टूबर) नजदीक आने के साथ आर्डर में इजाफा सकता है।"
हिमाचल प्रदेश को गेंदा, गुलनार, ट्यूलिप, लिली, ग्लैडिओली, गुलदाऊदी और गुलाब की पैदावार के लिए जाना जाता है। राज्य की करीब 681 हेक्टेयर भूमि पर फूलों की पैदावार होती है और 2,800 किसान इस काम से जुड़े हैं। वर्ष 2009-10 में फूलों से 41.8 करोड़ रुपये का व्यवसाय हुआ था।
धूमल ने बताया कि खेलों के दौरान अच्छे फूल भेजने और अधिक पैदावार के मकसद से किसान ग्रीनहाउसिस जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
राज्य बागवानी विभाग में कार्यरत बी.एस. गुलेरिया कहते हैं, "खेलों के दौरान गुलनार और गुलाबों की मांग और बढ़ेगी। हम किसानों को सलाह दे रहे हैं कि वे गुलाब की इस तरह से कटाई-छंटाई करें कि अक्टूबर में उन पर खूब फूल लदें।"
सोलन, शिमला, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और चंबा जिलों को फूलों की पैदावार के लिए जाना जाता है।
चंबा जिले की चुराह घाटी को विभिन्न रंगों के गुलनार की पैदावार के लिए जाना जाता है।
चुराह घाटी के एक फूल उत्पादक योगेश गुप्ता कहते हैं, "इस क्षेत्र में पैदा होने वाले गुलनार की हमेशा ही देशभर में मांग रहती है। हमें गुलनारों का एक गुच्छा (20 डालियां) 140 से 200 रुपये (बाजार के मुताबिक) कीमत में पहुंचाने का आर्डर मिला है।"
धूमल ने कहा, "किसान सीधे आयोजकों को फूलों की आपूर्ति करेंगे।" राज्य सरकार बिचौलिये की भूमिका अदा नहीं करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications