एशिया का पहला मोबाइल फिजियोथैरेपी चिकित्सालय दिल्ली में
मोबाइल चिकित्सालय की हरे और सफेद रंग की गेंदे के फूलों से सजी वैन को मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने अपने घर से रवाना किया। फिजियोथैरेपिस्टों के एक समूह 'फिजियोज' ने इस सेवा की शुरुआत की है।
'फिजियोज' के विपणन प्रमुख अमित सारस्वत कहते हैं, "इस वाहन का निर्माण 36 लाख रुपये की लागत से हुआ है। कैमरा और माइक्रोफोन से सुसज्जित इस वैन से मोबाइल चिकित्सालय के नरेना स्थित मुख्यालय से वीडियो और ऑडियो के जरिए सीधा संपर्क किया जा सकेगा। यह एशिया का पहला मोबाइल फिजियोथैरेपी चिकित्सालय है।"
उन्होंने कहा कि इस चिकित्सालय को देशभर में सेवाएं देने के लिए परमिट मिला है और इसने फिजियोथैरेपी के सभी उपकरण आयात किए हैं।
सारस्वत ने बताया कि चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मरीज से उसके घर या कार्यालय की दूरी के आधार पर 600 से 1,000 रुपये तक का शुल्क लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सप्ताहांत में गांवों में इसकी निशुल्क सेवाएं दी जाएंगी जबकि बाकी के दिनों में शहरों में सेवा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि इस तरह के पांच और चिकित्सालय शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications