सिर्फ आतंकवाद पर वार्ता से आगे बढ़ना मुश्किल : कुरैशी
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के साथ मुलाकात के दूसरे दिन कुरैशी ने इस्लामाबाद में संवाददाताओं से कहा, "जब वे कहते हैं कि सभी मुद्दे बातचीत में शामिल है तब भारत का रवैया संकुचित होता है। अगर हम बातचीत को सिर्फ आतंकवाद पर केंद्रित करेंगे तो पाकिस्तान के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो जाएगा।"
कुरैशी ने कहा, "हम बातचीत के लिए तैयार हैं। हम जल्दबाजी में नहीं हैं। जब भी वे तैयार होते हैं, हम सभी मुद्दों पर बातचीत करने और लचीला रुख दिखाने को तैयार हैं।"
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा कि वार्ता में जम्मू एवं कश्मीर का मसला शामिल था। उन्होंने कश्मीर घाटी में 'मानवाधिकार के उल्लंघन' का फिर आरोप लगाया। कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद से पीड़ित है और उसके कई शहरों को बार-बार आतंकवादी निशाना बनाते हैं।
गौरतलब है कि कृष्णा और कुरैशी के बीच गुरुवार को यहां के विदेश मंत्रालय में बातचीत हुई। इसके बाद हुए संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कश्मीर और मुंबई हमले पर दोनों नेताओं के बयानों से स्पष्ट हो गया कि इस बातचीत में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications