रैली रोकने के लिए श्रीनगर में कर्फ्यू

हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी गुट के प्रमुख गिलानी ने शुक्रवार को छह जुलाई को सुरक्षा बलों की गोलाबारी में मारे गए लोगों के शोक में श्रीनगर के विभिन्न हिस्सों में प्रार्थनाओं के बाद 'बटमालू चलो' रैली निकालने का आह्वान किया था।
उन्होंने कश्मीर में सुरक्षा बलों द्वारा मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में दो दिवसीय बंद का भी आह्वान किया था। यह बंद गुरुवार को समाप्त हुआ है। हुर्रियर के नरमपंथी गुट के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारुक को इस रैली में शामिल होने से रोकने के लिए उन्हें नजरबंदी में रखा गया है।
क्लिक करें- कश्मीर की खबरें
वाहनों की आवाजाही और पैदल चलने वालों को रोकने के लिए पुराने शहर में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यहां बताया, "नागरिकों के जीवन और संपदा की सुरक्षा की दृष्टि से श्रीनगर में कर्फ्यू लगाया गया है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।"
कश्मीर में 11 जून के बाद से सुरक्षा बलों की गोलाबारी में एक 25 वर्षीय महिला सहित 14 लोग मारे गए हैं। राज्य सरकार ने 14 लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मौतों और एक युवक के डूबने से हुई मौत की स्थितियों की पड़ताल के लिए एक स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications