जहाज़ में शांति मिशन का हथियार

भारतीय अधिकारियों का कहना है कि हथियारों से भरे जिस जहाज़ को रोका गया था उसमें लाइबेरिया के संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन से जुड़े हथियार और गोला-बारूद लदे हुए थे.
उनका कहना है कि ये हथियार बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान के थे और जहाज़ इन देशों में लौटाने के मिशन पर है.
इस बीच जहाज़ को डायमंड हार्बर से अब कोलकाता बंदरगाह लाया गया है और अब उसके दस्तावेज़ों की जाँच की जा रही है.
अधिकारियों ने कहा है कि इस औपचारिका के बाद जहाज़ को कराची के लिए रवाना किया जा सकता है.
उल्लेखनीय है कि भारतीय तटरक्षकों ने पाकिस्तान जा रहे जहाज़ एमजी इजीयन ग्लोरी को शुक्रवार को जाँच-पड़ताल के लिए अपने नियंत्रण में ले लिया था.
इसमें हथियार भरे होने की ख़बर से खलबली मच गई थी.
अधिकारियों ने कहा है कि जो देश संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन में शामिल होते हैं उन्हें अपने हथियारों का इंतज़ाम भी करना होगा है.
उनका कहना है कि लाइबेरिया के शांति मिशन में बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान तीनों शामिल हैं और मिशन से अतिरिक्त हथियारों को इन देशों को वापस भेजा गया था और जहाज़ बांग्लादेश के हथियार चटगाँव से हथियार उतारकर लौट रहा था.
अधिकारियों का कहना है कि इसने अपनी यात्रा लाइबेरिया से शुरू की थी और मारीशस होता हुआ चटगाँव पहुँचा था और इसके बाद इसे नेपाल के हथियार कोलकाता बंदरगाह पर उतारना था और फिर कराची जाना था.
अब भारतीय अधिकारी इस जहाज़ के बारे में संयुक्त राष्ट्र से संपर्क में हैं और उसके कागज़ात की जाँच कर रहे हैं.
उनका कहना है कि औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद जहाज़ को छोड़ दिया जाएगा.












Click it and Unblock the Notifications