उप्र में प्रचंड गर्मी, पारा 46 के पार
लखनऊ, 21 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में चढ़ते पारे के बीच भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। राज्य के कुछ स्थानों में रविवार को बारिश होने के बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री, अलीगढ़ का 44.6 डिग्री, मेरठ का 43.4 डिग्री, इलाहाबाद का 42.3 डिग्री और राजधानी लखनऊ का तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था।
राज्य के गोरखपुर, महाराजगंज, बहराइच, कुशीनगर, मिर्जापुर सहित विभिन्न जिलों में रविवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा 25 मिलीमीटर बारिश कुशीनगर में दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना से इंकार किया है। पूर्वाचल में कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ बारिश होने के आसार व्यक्त किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications