राहुल के जन्मदिन पर 'प्रदेश बचाओ, कांग्रेस लाओ'!
लखनऊ। राहुल गांधी का जन्मदिन उत्तर पदेश के कांग्रेसी कुछ निराले अंदाज में मनाते नजर आएंगे। आम तौर पर नेताओं के जन्दिन पर केक वगैरह काटने से लेकर गरीबों को फल, कपड़े आदि देने की प्रथा है लेकिन उत्तर प्रदेश कांग्रेस शनिवार को राहुल गांधी के जन्मदिन पर राज्यभर में पदयात्राएं निकालकर लोगों को सांप्रदायिकता के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान करेगी।
इस योजना का खुलासा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा रीता बहुगुणा जोशी ने लखनऊ में संवाददाताओं के सामने किया। रीता ने कहा कि राहुल के जन्मदिवस पर हम सब "एक हो जाओ..प्रदेश बचाओ..कांग्रेस लाओ" के नारे के साथ जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में पदयात्राएं निकालने के साथ रक्तदान शिविर व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेसी राहुल गांधी के जन्मदिन पर उनके मिशन-2012 को लोगों के बीच ले जाएंगे और जनता से सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस का साथ देने की अपील करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह जनता का आह्वान करेंगे कि वे ऐसी पार्टी को चुनकर सत्ता में लाएं जो वोट बैंक की राजनीति न करके विकास की राजनीति करती है।
इस दौरान वहां मौजूद केंद्रीय कोयला मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीप्रकाश जायसवाल ने राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि आज राहुल गांधी देश में युवाओं के प्रतीक बन गए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में राहुल देश में बहुत बड़ी क्रांति लाएंगे, जिसका वर्णन स्वर्ण अक्षरों में किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications