जेल में ही मनेगा जन्मदिन

आंग सान सू ची के लिए नज़रबंदी में जन्मदिन मनाना कोई नई बात नहीं है. आंग सान सू ची ने पिछले 20 वर्षों में से 14 वर्ष किसी न किसी तरह की कै़द में बिताए हैं.
उनका 65वाँ जन्मदिन शनिवार को है.
वे चाहतीं तो सैनिक शासन की शर्तों को मानकर आसान जीवन गुज़ार सकती थीं लेकिन वे लोकतंत्र और मानवाधिकारों की माँग से किसी तरह का समझौता न करने पर अडिग हैं.
ब्रिटेन के विदेश मंत्री विलियम हेग ने बर्मा सरकार से माँग की है कि आंग सान सू ची सहित सभी राजनीतिक क़ैदियों को रिहा किया जाए.
संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि बर्मा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानूनों का उल्लंघन कर रहा है.
आंग सान सू ची का कहना है कि उनका देश एक बहुत ही गंभीर दौर में प्रवेश कर रहा है, ये बात उन्होंने देश में होने वाले चुनाव के बारे में कही हैं जिसमें उनकी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी हिस्सा नहीं ले रही है.
कुछ समय पहले आंग सान सू ची से मिलने वाले अमरीकी सहायक विदेश मंत्री कर्ट कैम्पबेल का कहना है कि उन्होंने असाधारण हिम्मत, संकल्प और अनुशासन का परिचय दिया है.
कैम्पबेल आंग सान सू ची से तब मिले थे जब नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी ने चुनाव में हिस्सा न लेने की घोषणा की थी, कर्ट कैम्पबेल का कहना है कि यह सू ची के लिए बहुत ही कठिन फ़ैसला था.
उनका कहना है कि क़ैद में तमात तरह की बंदिशों में रहने के बावजूद दुनिया भर के घटनाक्रम की जितनी जानकारी और समझ उन्हें है उतनी किसी और व्यक्ति के पास नहीं दिखती.
आंग सान सू ची ने पार्टी ने 1990 में हुए आम चुनाव में जीत हासिल की थी लेकिन सैनिक शासकों ने संसद को भंग करके उन्हें नज़रबंद कर दिया, तभी से वे देश में लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष कर रही हैं.












Click it and Unblock the Notifications