दिल्ली : सीएनजी के दाम बढ़े, ऑटो महंगे होना तय
नई दिल्ली। दिल्ली में ऑटो, टौक्सी लेना अब सस्ता नहीं रहेगा। बुधवार रात से सीएनजी के दामों में उल्लेखनीय वृद्धि होने के बाद ऑटो, टैक्सी महंगे होने तय हो गया है। सीएनजी की कीमत प्रति किलोग्राम 5.60 रुपये बढ़ाई गयी है। इससे पहले सीएनजी की कीमत 21.90 रुपये प्रति किलो थी। अब दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में एक किलो सीएनजी की कीमत 27.50 रुपये हो गयी है।
राजधानी में एक साल के अंदर दूसरी बार सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली कंपनी आईजीएल ने दामों में बढ़ोत्तरी की घोषणा किये जाने के बाद इस बढ़ोत्तरी के लिए निवेश लागत को जिम्मेदार ठहराया है। आईजीएल के निदेशक ने कहा, "हमने दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की खुदरा बिक्री दर में वृद्धि का फैसला लागत मूल्य में बढ़ोतरी के कारण लिया है।"
कंपनी के मुताबिक "ऑटो के लिए सीएनजी प्रति किलोमीटर 16 पैसे, कार या टैक्सी पर वृद्धि 27 पैसे प्रति किलोमीटर होगी। इस हिसाब से मूल्य वृद्धि प्रति किलोमीटर 1.60 पैसे माना जा सकता है। दूसरे शब्दों में इसे प्रति यात्री तीन पैसे वृद्धि कह सकते हैं।" आईजीएल राजधानी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी गैस सप्लाई करती है।












Click it and Unblock the Notifications