नितिन गर्ग हत्या मामले में एक गिरफ्तार
मेलबर्न। भारतीय छात्र नितिन गर्ग की हत्या के मामले एक की गिरफ्तारी हुई है। आस्ट्रेलिया में इस साल की शुरुआत में हुई भारतीय छात्र नितिन गर्ग की हत्या के मामले में 15 साल के एक स्थानीय किशोर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस किशोर की गिरफ्तारी गुरुवार को याराविले इलाके से की गई। उसे गुरुवार को ही अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। उसे हत्या के मामले में अभियुक्त बनाया जाएगा।
इसी साल दो जनवरी को मेलबर्न में 21 वर्षीय गर्ग की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय गर्ग 'याराविले हंग्री जैक' के एक विक्रय केंद्र जा रहा था जहां वह काम करता था। स्थानीय समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार जांच अधिकारी बर्नी एडवड्र्स ने बताया कि पुलिस हत्या की वजह नस्लवाद को नहीं मानती है। उन्होंने कहा, "अभी हम यह नहीं मान सकते कि हत्या की वजह नस्लवाद था।"एडवर्ड्स ने कहा कि भारत में गर्ग के परिवार को इस गिरफ्तारी के बारे में सूचना दे दी गई है। पुलिस अभी तक हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश कर रही है।













Click it and Unblock the Notifications