किशोर की मौत पर श्रीनगर में हिंसक प्रदर्शन
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र की मौत हो जाने के एक दिन बाद शनिवार को क्रुद्ध युवकों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पे हुईं। युवकों ने नरवारा, रैनावाड़ी, नावा कदल, बिमिना, बटमालू, सोनावार, नातिपोरा, अबी गुजार और हरि सिंह स्ट्रीट सहित कई इलाकों में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों पर पथराव किया।
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ यहां बार-बार बेकाबू होती रही और उसने सुरक्षाबलों पर हमले भी किये। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद राजौरी कदल में सुरक्षा बलों और पथराव कर रहे युवकों के बीच झड़पों में 12 वीं कक्षा के तुफैल अहमद माटू की मौत हो गई थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमने रैनावाड़ी, नौहाटा, एस.आर. गंज, साफा कदल और खानयार में ऐहतियात के तौर पर कुछ प्रतिबंध लगाए हैं।" पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय माटू की मौत सुरक्षाकर्मियों के हाथों नहीं हुई लेकिन स्थानीय लोग इसके लिए सुरक्षाबलों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। अधिकारी ने कहा, "युवक की मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम इसकी जांच कर रहे हैं। जल्द ही तथ्य सामने आ जाएंगे।" इस बीच पुलिस ने कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी को किसी विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करने से रोकने के लिए उन्हें हिरासत में ले लिया है। उन्हें हैदरपोरा स्थित उनके घर से नजदीकी हमहामा थाने ले जाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications