उत्तर प्रदेश, दिल्ली में गर्मी बढ़ने के आसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट आने से लोग भीषण गर्मी और तपिश से थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान बलिया और झांसी राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री, कानपुर का 37.1 डिग्री, वाराणसी का 38.8 डिग्री और राजधानी लखनऊ का तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य के आस-पास है।
पढ़ें - मौसम की खबरें
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाचल के कुछ स्थानों पर आंधी के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली
दिल्ली में आसमान साफ रहने और तापमान बढ़ने से गुरुवार को दिल्लीवासियों को गर्मी की तपिश का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान औसत से नीचे रहेगा लेकिन अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज हो सकती है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "सुबह न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 25.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।" गौरतलब है कि बुधवार को न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में हवाओं का रुख बदलने से तापमान में आई गिरावट का असर अब तक बना हुआ है जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। राज्य का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पूर्व की ओर होने के कारण तापमान में गिरावट आई है। यह मानसून के पहले की गतिविधियां हैं जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम हो गया है।
भोपाल का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 38.4, ग्वालियर में 39.4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 38. 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications