उत्तर प्रदेश के तालाब में मिले नरमुंड
एटा। उत्तर प्रदेश में एक सनसनीखेज खुलासे ने निठारी कांड की यादें ताज़ा कर दीं। जिस तरह निठारी के एक बंगले में हुई खुदाई में नरमुंड व कंकाल मिले थे, ठीक वैसे ही एटा जिले में एक तालाब में नरमुंड व हड्डियां मिली हैं। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई।
कोतवाली शहर इलाके के एक तालाब से 10 नरमुंड बरामद हुए हैं। इस तालाब में हमेशा पानी भरा रहता था, लेकिन इधर गर्मी बढ़ने के कारण पानी सूखने लगा और तालाब की निचली सतह पर नरमुंड और हड्डियां दिखने लगीं तब इसका पता चला। स्थानीय लोगों ने इसे देखते ही पुलिस को सूचित किया।
क्लिक करें- उत्तर प्रदेश की अन्य खबरें
पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही सभी नरमुंड व हड्डियों को अपने कब्जे में ले लिया। जिलाधिकारी बलकार सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया से कहा कि इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरके चतुर्वेदी ने बताया कि तालाब से कुछ ही मीटर की दूरी पर पोस्टमार्टम हाउस है। आशंका है कि बरामद नरमुंड और हड्डियां लावारिस शवों के हो सकते हैं, जिन्हें पोस्टमार्टम के बाद तालाब में फेंक दिया गया हो। चतुर्वेदी ने कहा कि जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आएंगे।
गौरतलब है कि पिछले साल अलीगढ़ में ऐसे ही एक तालाब जो पोस्टमॉर्टम हाउस के पास है, में से नरमुंड बरामद हुए थे। उस मामले की जांच फिलहाल पूरी नहीं हो पायी है।












Click it and Unblock the Notifications