निरुपमा के माता-पिता हिरासत में

झारखंड के कोडरमा 29 अप्रैल को मृत में पाई गईं पत्रकार निरुपमा पाठक के माता-पिता को पुलिस ने ग़िरफ़्तार कर लिया है.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक निरुपमा पाठक के पिता धर्मेंद्र पाठक और मां सुधा पाठक को निरुपमा की हत्या के सिलसिले में पूछताछ करने के लिए हिरासत में लिया गया है.
तेईस वर्षीया पत्रकार निरुपमा पाठक दिल्ली के एक समाचार पत्र में काम करतीं थीं. उन्हें 29 अप्रैल को झारखंड में उनके कोडरमा स्थित निवास में मृत पाया गया था. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के अनुसार निरुपमा की मौत दम घोंटे जाने से हुई है.
कोडरमा ज़िले के एसपी क्रांति सिंह ने समाचार एजेंसियों को बताया कि पुलिस निरुपमा पाठक के परिवार के अन्य सदस्यों और मित्रों की भी तलाश कर रही है.
क्रांति सिंह ने कहा कि परिवार ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की है. पुलिस अधिकारी के अनुसार शुरुआत में परिवार ने कहा था कि निरुपमा की मौत बिजली का करंट लगने हुई है. साथ ही परिवार ने सुबह हुई घटना की ख़बर पुलिस को शाम को दी.
महिला आयोग
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी पत्रकार निरुपमा पाठक की मृत्यु के मामले में झारखंड पुलिस से रिपोर्ट मांगी है.
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने कहा है कि उन्होंने कोडरमा ज़िला पुलिस से मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
व्यास ने कहा कि इस मामले को फ़ास्ट ट्रैक अदालत के हवाले कर देना चाहिए ताकि जल्द से जल्द दोषियों को सज़ा दी जा सके.
मौत
निरुपमा पाठक को झारखंड में कोडरमा स्थित उनके घर पर मृत पाया गया था. शुरु में उनके परिवार ने इसे आत्महत्या क़रार दिया था. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया कि उनकी मौत दम घोंटे जाने से हुई है.
दिल्ली में काम करने वाली पत्रकार निरुपमा पाठक अंतरजातीय विवाह करना चाहती थीं. निरुपमा जिनसे शादी करना चाहती थीं उनका नाम प्रियभांशु है और वो भी पत्रकार हैं.
प्रियभांशु ने बीबीसी को बताया है कि निरुपमा के घरवाले उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे और निरुपमा को ये कह कर घर बुलाया गया था कि उनकी मां की रीढ़ की हड्डी टूट गई है.
प्रियभांशु बताते हैं, "जिस रात उसकी मौत बताई जा रही है, उसी दिन मुझे निरुपमा ने मैसेज भेजा है कि तुम अपना ध्यान रखना. कुछ ऐसा वैसा मत करना. मैं कैसे मान लूं कि निरुपमा ने आत्महत्या की है.''
रविवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच में तेजी आई है.












Click it and Unblock the Notifications