बिजली के तार गिरने से नौ बारातियों की मौत

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ
पूर्वी उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले में बिजली के हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आकर नौ बारातियों की दर्दनाक मौत हो गई.
जिला मजिस्ट्रेट संयुक्ता समद्दर ने बीबीसी को बताया कि मामले में लापरवाही के लिए बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है.
साथ ही एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के ख़िलाफ़ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा गया है.
चुनार तहसील के रेवाड़ी गाँव की एक बरात जा रही थी.
इस इलाक़े में 11 हज़ार वोल्टेज के तार नीचे झूल रहे थे, बारातियों को ले जा रहा ट्रेक्टर इनकी चपेट में आ गया.
बारातियों में से नौ लोगों की तत्काल मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए हैं.
जिला मजिस्ट्रेट का कहना है कि बिजली अभियंताओं ने अनेक शिकायतों के बावजूद तार ठीक नही किए गए थे और उनकी लापरवाही से इतनी बड़ी दुर्घटना हुई.
मगर पुलिस कप्तान के सत्यनारायण ने कहा कि ये दुर्घटना है और इसमे किसी के ख़िलाफ़ मुक़दमा नहीं लिखाया गया है.












Click it and Unblock the Notifications