दो बड़े अलक़ायदा नेता मारे गए

इराक़ी प्रधानमंत्री और अमरीकी अधिकारियों ने कहा है कि अलक़ायदा के दो बड़े नेता इराक़ी-अमरीकी संयुक्त अभियान में मारे गए हैं.
प्रधानमंत्री नूरी अल मालिकी ने इराक़ी राष्ट्रीय टीवी चैनल पर कहा है कि इराक़ के अलक़ायदा नेता अबु अय्यूब अल-मिस्री और अबु उमर अल-बग़दादी मारे जा चुके हैं.
बाद में अमरीकी सेना ने भी इस बात की पुष्टी की है कि अलक़ायदा के इन दोनों नेताओं को इराक़ी सेना ने मार दिया है.
मालिकी ने कहा कि ये दोनों सलाहेद्दीन सूबे के थर-थर इलाक़े में इराक़ी और अमरीकी सैनिकों के संयुक्त अभियान में मारे गए.
मालिकी ने कहा, "थल सेना ने ये हमला किया जिसमें मिसाइलों का प्रयोग भी किया गया. उनके घर चारों तरफ़ से घेर लिया गया था."
उन्होंने कहा कि मकान को तबाह कर दिया गया जहां से उन दोनों के शव बरामद हुए. उनके शव एक गड्ढे से बरामाद हुए जहां वे छुपे हुए थे.
इराक़ में अमरीकी फ़ौज के कमांडर जनरल रेमंड टी ओडर्नो ने कहा, "इन दोनों आतंकवादियों की मौत से इराक़ में अलक़ायदा को विद्रोह के बाद से सबसे बड़ा धक्का लगा है."
कहा गया है कि ये लोग 'इराक़ी सुरक्षा बलों से मुक़ाबला' करते हुए मारे गए और उनके साथ मस्री के सहायक और बग़दादी के पुत्र भी मारे गए.
पहले यह ख़बर आई थी कि दोनों अलक़ायदा नेता पकड़े गए हैं जो कि ग़लत साबित हुई.
अबु अय्यूब को अबु हमज़ा अल-मुहाजिर के नाम से भी जाना जाता है.
कहा जाता है कि उसने बग़दाद में अलक़ायदा की स्थापना करने में अबु मुसाब अल-ज़रक़ावी की मदद की थी.
ज़रक़ावी 2006 में जून के महीने में मारे गए थे.












Click it and Unblock the Notifications