70 लोकसभा सांसदों ने नहीं दिया संपत्ति का ब्यौरा
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवेगौड़ा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और क्रिकेट से राजनीति में आए नवजोत सिंह सिद्धू सहित कम से कम 70 लोकसभा सांसदों ने 24 फरवरी तक अपने संपत्तियों की घोषणा नहीं की है। इस बात का खुलासा सूचना का अधिकार कानून (आरटीआई) के तहत दायर किए गए एक आवेदन से हुआ है।
आरटीआई कार्यकर्ता सुभाष चंद्र अग्रवाल की ओर से लोकसभा सचिवालय में दायर की गई याचिका में उन लोकसभा सदस्यों का नाम मांगा गया था, जिन्होंने अपनी संपत्तियों का विवरण लोकसभा अध्यक्ष को नहीं दिया है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी, पार्टी सांसद अवतार सिंह भडाना, दीपा दासमुंसी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, राव इंद्रजीत सिंह और श्रुति चौधरी के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अर्जुन मुंडा और आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन के असदुद्दीन ओवैसी के नाम उन 70 लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी संपत्ति के बारे में जानकारी 24 फरवरी तक जमा नहीं कराई थी। ऐसे किसी भी सांसद के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, क्योंकि इसके खिलाफ किसी ने शिकायत नहीं की।













Click it and Unblock the Notifications