पश्चिम बंगाल में तूफ़ान,30 की मौत

सुबीर भौमिक
बीबीसी संवाददाता, कोलकाता
अधिकारियों का कहना है कि पश्चिम बंगाल में आए तूफ़ान में 30 लोगों की मौत हो गई है.
राज्य के नागरिक सुरक्षा मंत्री श्रीकुमार मुखर्जी को उत्तर दिनाजपुर ज़िले के लिए तत्काल रवाना कर दिया गया है.
श्रीकुमार मुखर्जी ने बीबीसी को बताया कि ज़िला प्रशासन ने तबाह हुए घरों के मलबे से 30 शव बरामद कर लिए हैं.
उनका कहना था कि इस तूफ़ान की वजह से लगभग 50 हज़ार घर तबाह हो गए हैं.
साथ ही सैकड़ों लोगों को गंभीर चोटों के बाद अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है.
इस तूफ़ान के कारण रायगढ़, इस्लामपुर, करांदिघी, कालीगंज और हेमताबाद में सबसे ज्यादा तबाही हुई है.
इसके बाद हुई बारिश ने गाँव वालों की मुसीबतें और बढ़ा दीं क्योंकि तूफ़ान के कारण उनके घरों की झतें उड़ गईं हैं.
इस पूरे ज़िले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है क्योंकि बिजली के खंभे गिर गए हैं और बहुत से स्थानों पर पेड़ उखड़कर बिजली के तारों और खंभों पर गिर गए हैं.
तेज़ हवाओं ने संचार व्यवस्था को भी भारी नुक़सान पहुँचाया है.












Click it and Unblock the Notifications