हैदराबाद में स्थिति तनावपूर्ण

उमर फ़ारूक़, बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
हैदराबाद के पुराने शहर में रविवार को हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. पूरे इलाक़े में निषेधाज्ञा लागू है. हालांति रात में हिंसा की छिटपुट घटनाएं होती रहीं. गुजरती हुई गाड़ियों पर हमले किए गए हैं. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है.
गृह मंत्री सबिता इंदिरा रेड्डी ने घटनास्थल का सुबह दौरा किया और कहा कि स्थिति नियंत्रण में हैं. उनका कहना था, ''स्थिति नियंत्रण में है लेकिन हम राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हैं ताकि शांति बहाल हो सके.'' उधर इस मामले को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप शुरु हो गए हैं. बीजेपी ने मज़लिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने लोगों को भड़काया और सरकार तमाशाई बनी रही.
राज्यी बीजेपी अध्यक्ष किशन रेड्डी ने कहा कि सरकार और पुलिस तमाशा देख रही है और मज़लिस के नेता लोगों को भड़का रहे हैं. मज़लिस ने इसके लिए बीजेपी को दोषी ठहराया है और कहा है कि लोगों को भड़काने का काम बीजेपी ने किया है. पुलिस आयुक्त एके खान ने कहा था कि इसके पीछे सोची समझी साज़िश है और सबकुछ योजनाबद्ध तरीके से हुआ है. राज्य विधानसभा में विपक्षी दल तेलुगु देशम पार्टी ने मांग की है कि पुलिस आयुक्त बताएं कि इसके पीछे किसका हाथ है.
हिंसा
हैदराबाद में रविवार को भड़की सांप्रदायिक हिंसा में कम से कम 40 लोग घायल हुए थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि अभी तक 70 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है और पूरे हैदराबाद शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है. पुराने हैदराबाद शहर में पांच मस्जिदों पर हमला हुआ था और एक गौशाला को जला दिया गया था. शहर के कई इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान गश्त कर रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications