ऑस्ट्रेलियाई पुलिसवालों पर नस्लभेदी जाँच

ऑस्ट्रेलिया के राज्य विक्टोरिया में कम से कम 100 पुलिस अफसरों के ख़िलाफ़ नस्लभेदी ईमेल भेजने को लेकर जाँच चल रही है.
ये जाँच पुलिस के आंतरिक कंप्यूटर प्रणाली को भेजे गए एक नस्लभेदी ईमेल के बाद शुरू हुई.
राज्य के पुलिस प्रमुख साइमन ओवरलैंड ने हालांकि ये नहीं बताया कि ईमेल में क्या कहा गया था, लेकिन उन्होंने ये कहा कि जिसने भी ये ईमेल भेजे हैं, उसे नौकरी से निकाल दिया जाएगा.
उन्होंने कहा जिसने भी ईमेल में नस्लभेदी टिप्पणियाँ जोड़ीं हैं, उसके ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
और जिन लोगों ने ये ईमेल आगे बढ़ाएँ हैं, उन्हें चेतावनी दी जाएगी.
एक स्थानीय अख़बार के मुताबिक जाँच एक व्यक्ति को यातना दिए जाने की तस्वीर पर केंद्रित है.
ग़ौरतलब है कि पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर अनेक हमले हुए थे जिससे दोनों देशों के संबंधों पर नकारात्मक असर पड़ा था.
ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने माना था कि भारतीयों पर हुए हमलों में से कई नस्लवाद से प्रेरित थे.
ऑस्ट्रेलिया में लगभग 1.2 लाख भारतीय छात्र पढ़ते हैं. इन हमलों के कारण ऑस्ट्रेलिया की छवि को गहरा धक्का लगा था.












Click it and Unblock the Notifications