वार्ता शुरू कराने के प्रयास तेज़

संयुक्तराष्ट्र महासचिव बान की मून ने मध्यपूर्व शांति प्रकिया को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिशों के तहत फ़लस्तीनी नेताओं से मुलाक़ात की है. उनका इसराइली नेताओं से मिलने का भी कार्यक्रम है.
मध्यपूर्व में मून का पहला पड़ाव फ़लस्तीनी पश्चिमी तट का शहर रामल्ला था, जहाँ उनकी फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री सलाम फ़य्याद के साथ बातचीत हुई.
उल्लेखनीय है कि पूर्वी येरुशलम में 1600 नए मकान बनाने की इसराइल की विवादास्पद घोषणा के बाद मध्यपूर्व शांति प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने के प्रयासों को गहरा धक्का लगा है.
फ़लस्तीनी नेतृत्व ने मून को स्पष्ट रूप से बता दिया कि पूर्वी येरुशलम में यहूदी बस्तियों के विस्तार की योजना इसराइल-फ़लस्तीनी वार्ताओं की शुरुआत की राह में बहुत बड़ी बाधा है.
संयुक्तराष्ट्र महासचिव मध्यपूर्व की अपनी इस यात्रा के दौरान इसराइली राष्ट्रपति शिमोन पेरेज़ से भी मिलेंगे.
शुक्रवार को ही मध्यपूर्व पर गठित चारपक्षीय समूह या क़्वार्टेट ने पूर्वी येरुशलम में नए मकानों के निर्माण की इसराइल की घोषणा की कड़ी निंदा की थी. इस समूह में संयुक्तराष्ट्र के अलावा अमरीका, रूस और यूरोपीय संघ शामिल हैं.












Click it and Unblock the Notifications