वीज़ा नियमों में ढील की माँग

भारत ने अमरीका से वीज़ा नियमों को ढीला करने की माँग की है ताकि दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार में किसी तरह का अवरोध नहीं आ सके.
भारतीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने कहा है कि उन्होंने पेशेवर दक्षता वाले भारतीय नागरिकों को अमरीकी वीज़ा मिलने में हो रही दिक़्क़तों की बात ओबामा प्रशासन में उच्च स्तर पर उठाई है.
विभिन्न मुद्दों पर द्विपक्षीय बातचीत के लिए आनंद शर्मा तीन दिनों के लिए वाशिंगटन में थे.
उन्होंन पत्रकारों को बताया, "पेशेवर दक्षता वाले लोगों को वीज़ा के बारे में समस्याएँ हैं. वो भी तब जबकि बड़ी संख्या में भारतीय कंपनियाँ अमरीका में रोज़गार के अवसर पैदा करने और धन अर्जित करने में जुटी हुई हैं."
उन्होंने इन आरोपों को ग़लत बताया कि भारतीय कामगार अमरीकियों की नौकरियाँ खा जाते हैं.
आनंद शर्मा ने कहा कि फ़ॉर्च्यून 500 की एक चौथाई से ज़्यादा विदेशी कंपनियों ने भारत में अपने कार्यालय खोल रखे हैं और इससे दोनों ही पक्षों को लाभ हो रहा है.
भारतीय वाणिज्य मंत्री ने कहा कि दोनों देशों की कंपनियों के बीच सहयोग दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है.
उन्होंने हाल ही में भारत के भारती समूह द्वारा अमरीकी कंपनी आईबीएम को दिए गए ढाई अरब डॉलर के ठेके का उल्लेख किया.












Click it and Unblock the Notifications