इसरो के बाहर हमले की तफ्तीश जारी
बेंगलुरू। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के संवेदनशील 'डीप स्पेस नेटवर्क' (डीएसएन) केंद्र के समीप हुए हमले की तफ्तीश जारी है। लेकिन इस मामले में अभी तक कोई विशेष सुराग हाथ नहीं आया है। इसरो के बायलालू केंद्र पर मंगलवार तड़के सुरक्षा रक्षकों और दो अज्ञात व्यक्तियों के बीच गोलीबारी हुई। गोलीबारी की घटना तड़के 3.30 बजे के करीब हुई थी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2007 में इसरो ने डीएसएन की स्थापना देश के पहले मानव रहित चंद्रमिशन 'चंद्रयान-1' से आंकड़े और तस्वीर प्राप्त करने के लिए की थी।
हथियारों से लैस थे सुरक्षाकर्मी
इसरो के निदेशक एस.सतीश ने कहा कि मंगलवार तड़के दो संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे थे। जब सुरक्षाकर्मियों ने उनसे पूछताछ की तो दोनों ने गोली चलानी शुरू कर दी। उन्होंने कहा, "गोलीबारी में न कोई घायल हुआ और न ही केंद्र को नुकसान पहुंचा। हमने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया है और वे जांच कर रहे हैं। हमने सुरक्षा चुस्त कर दी है और डीएसएन के आसपास चौकसी बढ़ा दी है।"
सतीश ने कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने जब दोनों संदिग्धों से पूछताछ की तो उन्होंने गोली चला दी और फिर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जवाबी कार्रवाई में सीआईएसएफ के जवानों ने आठ राउंड गोलियां चलाईं। वारदात के बाद से डीएसएन और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसरो के सभी केंद्रों पर सीआईएसएफ के जवान तैनात हैं। सतीश ने बताया कि कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार सभी जवान अत्याधुनिक हथियारों से लैस होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications