पाकिस्तान में 42 आंतक शिविर:एंटनी

रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा है कि पाकिस्तान में 42 आतंक शिविर चल रहे हैं.
गोवा में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादी गुटों के ढाँचे को निष्क्रिय करने के लिए कोई ठोस क़दम नहीं उठा रहा है.
वे गोवा में भारतीय कोस्ट गार्ड शिप (आईसीजीएस) ‘विश्वस्त’ की कमीशनिंग के मौके पर पत्रकारों से बात कर रहे थे.
भारत-पाक शांति वार्ता पर एंटनी ने कहा, “इस बात का श्रेय भारत को जाता है कि तमाम समस्याओं के बावजूद भारत हर मुमकिन कोशिश कर रहा है.”
पर साथ ही रक्षा मंत्री ने कहा कि वे किसी चमत्कार की उम्मीद नहीं कर रहे.
'भारत को जाता है श्रेय'
जब पत्रकारों ने उनसे भारत में घुसपैठ का मुद्दा उठाया तो रक्षा मंत्री ने कहा कि इसका यही मतलब है कि कश्मीर में शांति वार्ता सही रास्ते पर चल रही है.
अभी पिछले महीने ही भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की मुलाक़ात हुई थी.
मुलाक़ात के बाद भारत ने कहा था कि दोनों देशों के बीच मतभेद है लेकिन संपर्क कायम रखने पर दोनों पक्ष सहमत थे.
भारत का ये भी कहना था कि समग्र वार्ता शुरू करने से पहले दोनों देशों के बीच अविश्वास की खाई को पाटने की ज़रूरत है और ये बातचीत उस दिशा में पहला कदम है.
भारत का आरोप है कि 2008 में मुंबई हमलों के पीछे चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैबा का हाथ है.
वहीं एक अलग घटनाक्रम में पाकिस्तानी मूल के अमरीकी नागरिक डेविड हेडली के वकील के मुताबिक़ उनके मुवक्किल आतंकवादी गतिविधियों के मामलों में अपना दोष स्वीकार कर सकते हैं.
डेविड हेडली पर आरोप है कि उन्होंने मुंबई हमलों के स्थान तय करने में मदद की थी. 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए हमलों में 174 लोग मारे गए थे.












Click it and Unblock the Notifications