महाराष्ट्र में विधानमंडल का बजट सत्र हंगामेदार होने के आसार
मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आक्रामक रवैये को देखते हुए महाराष्ट्र में गुरुवार से शुरू हो रहे राज्य विधानमंडल के बजट सत्र के काफी हंगामेदार होने के आसार हैं। बजट सत्र के दौरान विपक्षी पार्टियां विभिन्न मुद्दों पर लोकतांत्रिक मोर्चे की सरकार को घेरने का प्रयास करेंगी।
मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण द्वारा बुधवार शाम बुलाई गई चाय पार्टी का विपक्षी दलों ने बहिष्कार किया जिसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि बजट सत्र के दौरान विपक्षी दलों के तेवर काफी आक्रामक रहने की संभावना है।
बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने के लिए पुणे में 13 फरवरी को हुए बम विस्फोट के अलावा मुंबई में चार दिनों पहले गिरफ्तार किए गए दो संदिग्ध आतंकवादियों सहित अन्य मुद्दे भी विपक्ष के पास होंगे।
विपक्षी दलों ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की गठबंधन सरकार को राज्य के एक बड़े हिस्से में पेयजल की आपूर्ति, बिजली की कमी, उभरते संकट की वजह से विदर्भ में किसानों की आत्महत्या और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की योजना बनाई है।
गौरतलब है कि बजट सत्र की शुरूआत राज्यपाल के.शंकरनारायण के अभिभाषण के साथ होगी। राज्यपाल राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।
महाराष्ट्र के वित्त मंत्री सुनील टटकरे 25 मार्च को वर्ष 2010-11 के वित्तीय बजट को सदन के पटल पर रखेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications