अगले महीने रोसैया कर सकते हैं मंत्रिमंडल का विस्तार
हैदराबाद में संवाददाताओं के साथ एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने चार अप्रैल को मंत्रिमंडल का विस्तार किए जाने के संकेत दिए।
सत्ताधारी कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक रोसैया पांच से छह मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल कर वर्तमान में अपने पास रखे कुछ महत्वपूर्ण विभागों का बंटवारा कर सकते हैं।
पिछले साल दो सितंबर को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में तत्कालीन मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी की मौत के बाद मुख्यमंत्री बनाए गए रोसैया का यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा। मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार के माध्यम से रोसैया अपने अधिकारों का उपयोग करने की कोशिश कर सकते हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि राजशेखर रेड्डी के पुत्र और कडप्पा से सांसद वाई.एस.जगमोहन रेड्डी के वफादारों पर गाज गिर सकती है।
उल्लेखनीय है कि वाई.एस राजशेखर रेड्डी की मृत्यु के बाद कई मंत्रियों ने उनके पुत्र को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की थी। इस मांग के समर्थन में महिला विकास एवं बाल कल्याण मंत्री कोंडा सुरेखा ने तो अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications