बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने की कोशिशें जारी
रतलाम, 17 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में बोरवेल में गिरे छह वर्षीय बालक सूरज को बचाने की कवायद जारी है। पिछले 24 घंटों से चल रही कोशिशों के बावजूद बचाव कार्य में लगे लोग सूरज तक नहीं पहुंच पाए हैं। बोरवेल के समानांतर एक सुरंग बनाई जा रही है।
वीरेंद्र राजपूत का छह वर्षीय पुत्र सूरज मंगलवार शाम खेत में लगे पेड़ से बेर तोड़ने की कोशिश में बोरवेल में गिर गया । 400 फुट गहरे बोरवेल में वह लगभग 60 फुट की गहराई पर फंसा हुआ है। सूरज के बोरवेल में गिरने की खबर मिलते ही तमाम अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी महेंद्र ज्ञानी और पुलिस अधीक्षक मयंक जैन मौके पर पहुंच गए हैं। पिछले 24 घंटों से बालक को बचाने की कोशिशें जारी हैं।
सूरज को सुरक्षित निकालने के लिए बोरवेल के समानांतर एक दूसरा गढ्ढा खोद लिया गया है और बोरवेल में फंसे सूरज के करीब तक पहुंचने के लिए सुरंग बनाई जा रही है और उसकी हरकत पर नजर रखने के लिए सीसी टीवी कैमरे का भी प्रयोग किया जा रहा है।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के अनुसार नली के माध्यम से बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि सूरज रात 10 बजे के बाद से ही कोई हरकत नहीं कर रहा है। रात में वह लगभग 50 फुट की गहराई पर फंसा था जबकि अब वह 10 फुट नीचे खिसक कर लगभग 60 फुट पर पहुंच गया है।
बोरवेल में फंसे सूरज के लिए एक तरफ पोक लैण्ड और जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, वही घटना स्थल पर जमा लोग सूरज की जिंदगी के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications